
पारंपरिक शुरू शिष्य संस्कृति पर हुई सार्थक संगोष्ठी
छतरपुर। आल इंडिया लीनेस क्लब डिस्ट्रिक्ट सीएम-एक संपदा लीनेस क्लब छतरपुर के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा पर्व के पावन अवसर पर नपा अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया के मुख्य आतिथ्य में एक संगोष्ठी तथा गुरुजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर के प्रमुख होटल के सभागार में आयोजित इस गरिमापूर्ण आयोजन में तीन गुरुजनों एमसीबीयू के प्रो. एसपी जैन, डीईओ एमके कौटार्य तथा एमएलबी स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सविता अग्रवाल का लीनेस क्लब ने शाल, श्रीफल एवं सुंदर उपहारों से भावभीना और आत्मीय सम्मान किया।पूर्व डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट लीनेस आभा श्रीवास्तव ने बताया कि लीनेस क्लब महिलाओं का एक प्रतिष्ठित अखिल भारतीय समाजसेवी संगठन है। इसके तत्वावधान में गुरुपूर्णिमा के सुअवसर पर पारंपरिक गुरु शिष्य संस्कृति विषय पर एक सार्थक संगोष्ठी तथा नगर के कर्मठ गुरुजनों का गरिमापूर्ण सम्मान किया गया। संगोष्ठी में बोलते हुए डॉ सुमति प्रकाश जैन ने कहा कि आज हम सब जो भी हैं, अपने गुरुजनों की दी गई शिक्षा के कारण हैं। प्राचीन समय में गुरु शिष्य परंपरा और संस्कृति बहुत प्रगाढ़ हुआ करती थी। आज शिक्षा के व्यवसायीकरण के कारण इस परंपरा में कमी देखने को मिलती है। पहले माता पिता अपने बच्चों को गुरु के संरक्षण में पूरी तरह सौंप देते थे, जिससे उसका व्यक्तित्व संपूर्ण ज्ञान एवं कौशल से परिपूर्ण होता था। हमें अपने गुरुजनों का सदैव बहुत मान सम्मान करना चाहिए।डीईओ एमके कौटार्य ने इस प्रसंग पर कहा कि अपने गुरुजनों की शिक्षा के कारण ही वे आज यहां तक पहुंचे हैं। फिजिक्स जैसे विषय के वे व्याख्याता चुने गए, तब से बहुत से बच्चों को पढ़ाया और उनका मार्गदर्शन किया। आज डीईओ के रूप में जिले भर के बच्चों की अच्छी शिक्षा व्यवस्था का प्रयास उनका दायित्व बन गया है। शासकीय एमएलबी कन्या हा.से.स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सविता अग्रवाल ने कहा कि गुरु बनना सबसे गर्व की बात है। उनके स्कूल में बड़ी संख्या में लड़कियां प्रवेश लेती हैं,जिनकी पढ़ाई, सुरक्षा, संरक्षण और समस्याओं के निदान का वे निरंतर प्रयास करतीं रहती हैं। गुरु शिष्य परंपरा बनी रहे, इसका वे पूरा प्रयास करती हैं। तीनों वक्ताओं ने अपने भावभीने सम्मान के प्रति उत्तर में लीनेस क्लब का हार्दिक धन्यवाद भी दिया।कार्यक्रम के प्रारंभ में लीनेस एरिया आफीसर कल्पना चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। लीनेस गीता अग्रवाल जी ने सरस्वती वंदना और गुरु वंदना का गायन कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। लीनेस मानसी अग्रवाल ने प्रो सुमति प्रकाश जैन, का, लीनेस आभा श्रीवास्तव ने श्री कौटार्य का तथा लीनेस सरोज छारी ने श्रीमती सविता अग्रवाल का परिचय सरस शैली में दिया। एरिया आफीसर लीनेस कल्पना चौधरी ने महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह सिंह और नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने भी संगोष्ठी तथा सम्मान समारोह के अवसर पर गुरु की महिमा पर प्रकाश डाला। एमसीबीयू में केमिस्ट्री की विभागाध्यक्ष डॉ अर्चना जैन की भी गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल संचालन लीनेस सरोज छारी ने किया। पूर्व एरिया आफीसर लीनेस लक्ष्मी सिंह बुंदेला ने सभी का आभार व्यक्त किया। लीनेस ऋतु चौरसिया ने भी भागीदारी निभाई।









