
यातायात पुलिस द्वारा बिना परमिट की बसों के विरुद्ध सख्ती से की जा रही कार्यवाही
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत के नेतृत्व में थाना यातायात पुलिस द्वारा स्टंट बाज, नशा कर वाहन चलाने वालों, खतरे के संकेत को प्रदर्शित न कर सरिया, अल्युमिनियम जैसी निर्माण सामग्री व अन्य दुर्घटना संबंधित सामान ढोने वाले लोडर वाहनों पर कार्यवाही निरंतर की जा रही है। अनाधिकृत रूप से निर्धारित रूट पर न चलने वाली यात्री बसों को भी चेक किया जा रहा है।बुधवार को यातायात पुलिस द्वारा अनाधिकृत रूप से बिना परमिट के हटा जिला दमोह वाया बाजना रूट में चलने वाली बसों को रोककर दस्तावेज चेक किए गए। चेकिंग के दौरान दो बसों में परमिट नहीं पाया गया। अनाधिकृत रूप से सवारी लेकर चलने वाली दोनों बसों के विरुद्ध पृथक पृथक कार्यवाही कर 20 हजार रूपए का समन शुल्क शासकीय कोष में जमा किया गया। साथ ही परमिट प्राप्त न होने तक पुन: यात्रियों को सवार करने पर अग्रिम कठोर कार्यवाही हेतु चेतावनी दी गई।







