
मंदिरों में आयोजित किए गए धार्मिक आयोजन
छतरपुर। मंगलवार को भगवान हनुमान के जन्मोत्सव वा लेकर शहर के तमाम मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान हुए, जिनमें शामिल होने के लिए मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। मोटे के महावीर मंदिर में भी हर वर्ष की भांति हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर महाआरती के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
मोटे के महावीर मंदिर समिति की ओर से बताया गया कि हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ भक्तों के द्वारा किया गया। वहीं श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाकर बल, बुद्धि में वृद्धि की कामना की। हवन-पूजन और अभिषेक का कार्यक्रम सुबह से प्रारंभ हो गया था, जिसमें हजारों भक्तों ने शामिल होकन पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर पहुंचे भक्त सुरेन्द्र कुमार पाठक, शिवम त्रिपाठी आदि ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार हनुमान जी सबसे शक्तिशाली देवता हैं और मोटे के महावीर मंदिर में विराजमान पश्चिममुखी हनुमान जी से जो भी कामना की जाती है, वह पूर्ण होती है। मोटे के महावीर मंदिर के अलावा शहर के हनुमान टौरिया, जानराय टौरिया, संकट मोचन मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा।








