
पीडि़त ने राजनैतिक रंजिश को बताया हमले का कारण
छतरपुर। बीती रात ओरछा रोड थाना क्षेत्र में नारायणपुरा मार्ग पर भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पर कुछ लोगों द्वारा प्राणघातक हमला किया गया। इस हमले में मंडल बुरी तरह से घायल हुआ है, उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही ओरछा रोड थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घायल मुकेश शर्मा ने बताया कि वह भाजपा किसान मोर्चा के महेबा मंडल अध्यक्ष हैं। गांव के कांग्रेसी नेता संतोष शर्मा से उसका राजनैतिक मतभेद है और इसीके चलते पिछले काफी समय से संतोष शर्मा तथा उसके पुत्र हमला करने की फिराक में थे। मुकेश के मुताबिक बीती रात जब वह नारायणपुरा मार्ग से रिलायंस पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था तभी महाराजा मैरिज हाउस के समीप इमली के पेड़ के नीचे पहले से घात लगाए बैठे संतोष शर्मा और उसके पुत्र नरेश, मुकेश तथा सचिन शर्मा ने लाठी तथा कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। सिर पर कुल्हाड़ी लगने के कारण मुकेश मौके पर ही बेहोश हो गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। आसपास के लोगों ने मुकेश को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया जा रहा था। मुकेश ने ओरछा रोड थाने में घटना की शिकायत कर प्राणघातक हमला किए जाने का मामला पंजीबद्ध किए जाने की मांग की है।








