बीच शहर में हुई थी लूट एवं मारपीट की घटना
छतरपुर। करीब एक माह पूर्व सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के बीचों-बीच शांति नगर कॉलोनी में सर्राफा व्यापारी के साथ लाखों की लूट और बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस मामले में अभी तक पुलिस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इसके अलावा शहर में हुई चोरियों के और भी कई ऐसे मामले हैं जिनकी तह तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले सर्राफा व्यापारी सुनील सोनी के साथ अज्ञात बदमाशों द्वारा उस वक्त मारपीट एवं लूट की घटना को अंजाम दिया गया था जब रात के वक्त वह अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जल्द खुलासा करने की बात तो कही लेकिन करीब एक माह बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। गौरतलब है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में इसी तरह की और भी कई घटनाएं हुईं जिनका खुलासा आज तक नहीं हुआ है। करीब एक वर्ष पूर्व शहर के होटल ला कैपिटॉल से दो युवक आभूषण से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। इन युवकों की पहचान भी हो गई थी लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी।








