बकस्वाहा। गर्मी की शुरुआत होते ही बकस्वाहा के आकार एकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए पक्षियों के लिए जल और दाने की व्यवस्था की है। भीषण गर्मी में पक्षियों को प्यास और भूख से बचाने के उद्देश्य से विद्यालय के बच्चों ने स्कूल परिसर सहित बांके बिहारी जी मंदिर में मिट्टी के सकोरे टांगे। इन सकोरों में नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प भी लिया गया, ताकि कोई भी पक्षी प्यासा न रहे।गर्मी के मौसम में प्राकृतिक जल स्रोतों के सूख जाने से पक्षियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बच्चों की यह छोटी-सी पहल उनके लिए जीवनदायी साबित हो सकती है। इस अभियान के माध्यम से न केवल पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई, बल्कि उनके लिए दाने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे वे भूखे न रहें।विद्यालय की प्रिंसीपल कृष्णा दुबे ने बताया कि स्कूल में इस प्रकार के जनसेवा कार्य पिछले कई वर्षों से लगातार किए जा रहे हैं। हर वर्ष गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए जल और दाने की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने आगे बताया कि सभी बच्चों को अपने-अपने घरों में भी पक्षियों के लिए पानी और दाना रखने के लिए प्रेरित किया गया है, ताकि यह पहल व्यापक स्तर पर फैल सके। इस कार्य की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।










