छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम गठेवरा में दबंगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया गया है कि आरोपियों ने न केवल युवक के साथ मारपीट की बल्कि जान से मारने की नियत से उसके सिर पर पत्थर भी पटका। आरोपी, युवक को मरा हुआ समझकर भाग गए थे लेकिन गनीमत रही कि युवक की जान बच गई। पीडि़त परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश अभी जारी है।
गठेवरा निवासी मोनू कुशवाहा ने बताया कि उसका 28 वर्षीय भाई हरि पुत्र भौनी कुशवाहा बीती शाम करीब साढ़े 7 बजे गांव वाले घर से मेन रोड की तरफ बाईक से जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में गांव के चाहत राजा, शिवांश राजा, संतोष राजा और रानू राजा ने उसका रास्ता रोककर मारपीट शुरु कर दी। मोनू के मुताबिक आरोपियों ने हरि कुशवाहा को जान से मारने की नियत से तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद बेहोशी की अवस्था में जान से मारने की नियत से उसके सिर पर पत्थर पटका और उसकी बाईक को आग लगाकर मौके से भाग निकले। कुछ राहगीरों ने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन हरि को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टर आशुतोष चतुर्वेदी द्वारा उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। परिजनों ने सिविल लाइन थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर थाना प्रभारी सतीश सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी चाहत राजा, शिवांश राजा और संतोष राजा को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी रानू राजा की अभी तलाश जारी है।
शराब तस्करी करते वक्त पकड़ा गया एक आरोपी
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक आरोपी द्वारा थाना क्षेत्र में तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही ने संबंधित स्थान पर दबिश देकर गठेवरा निवासी संतोष सिंह पुत्र बहादुर सिंह उम्र 30 वर्ष को 7 पेटी अवैध शराब के साथ नया चंद्रपुरा में गठेवरा कच्चे मार्ग पर बनी बाउंड्री के अंदर से पकड़ लिया। आरोपी संतोष के तस्करी के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अलग से मामला पंजीबद्ध कर कार्यवाही की जा रही है।










