बिजावर। नगर के मेला ग्राउंड में आयोजित विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का सोमवार को समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार उपस्थित रहे, जिन्होंने उपस्थित खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित हुई घुवारा की बेटी क्रांति गौड़ से प्रेरणा लेने की बात कही।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सांसद खेल महोत्सव में कबड्डी, खो-खो, दौड़ सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें 12 टीमों ने भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों और खिलाडिय़ों को आयोजन के समापन सत्र में अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। समापन समारोह में सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। जीत की खुशी और उत्साह तो आवश्यक है, परंतु असली जीत प्रतिभा और प्रयास की होती है। उन्होंने आगे कहा कि जिले और मध्यप्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि क्रांति गौंड भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनी हैं। डॉ. कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बेटियों और बेटों दोनों को समान अवसरों के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू, भूपेंद्र गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, राजेश शर्मा, केडी गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।







