महाराजपुर। थाना क्षेत्र में विक्रमपुर रोड पर ग्राम पुतरी के पास बनी पुलिया के टूटे होने से बड़ा हादसा हो गया। दरअसल बीती रात राजनगर से महाराजपुर आ रहे दोपहिया वाहन के पुलिया में गिर जाने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया बरसात में ही बह गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने समय पर इसका निर्माण शुरू नहीं किया, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। घटना में राजनगर निवासी रोहित पुत्र मुन्नालाल चौरसिया उम्र 21 वर्ष और उसकी मां संध्या चौरसिया उम्र 45 वर्ष की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में परिवार की केवल एक छोटी बच्ची ही बची है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बरसात के समय ही पुलिया बह जाने की खबर दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने अनदेखी की, जिसकी वजह से यह दुर्घटना घटी।










