बमीठा। थाना क्षेत्र के झमटुली गांव में एक 21 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल पर मिले सुसाइड नोट के आधार पर यह सामने आया कि मृतक को पुलिस और कुछ लोगों की धमकियों ने इतना भयभीत कर दिया था कि उसने दहशत के चलते यह कदम उठाया। फिलहाल मामले की जांच शुरू हो चुकी है और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक झमटुली निवासी भानू पुत्र मातादीन प्रजापति ने बीती रात अपने घर के एक बंद कमरे में लोहे के पाइप पर रस्सी से लटककर आत्महत्या कर ली। भानू ने मौत से पहले अपने दोस्त अरविंद अहिरवार के मोबाइल पर रात 11 बजे एक सुसाइड नोट भेजा था, जिसमें उसने बताया कि उसने 24 तारीख को विक्की शर्मा और उसकी कथित भाभी को वह छतरपुर से ललितपुर तक अपने वाहन से छोडऩे गया था। बाद में पुलिस और युवती के परिजनों ने उसे फोन पर धमकियां दीं। अगले दिन सुबह उसे थाने बुलाया गया। सुसाइड नोट में जिक्र है कि विक्की शर्मा ने जिस युवती को अपनी भाभी बताया था, असल में वह उसे भगाकर ले गया है, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। गांव के लोग भी बता रहे हैं कि भानू सीधा-सादा लड़का था और धमकियों से वह इतना डर गया कि उसने फांसी लगा ली। बहरहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमॉर्टम के लिए राजनगर भेजा। दोपहर बाद मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोग शव को लेकर बमीठा थाने पहुंचे, जहां दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन दिया गया। इस दौरान कुछ देर तक हंगामा भी किया गया।










