
छतरपुर। शहर के छत्रसाल चौराहे के पास स्थित पोस्ट ऑफिस के आधार केंद्र पर आधार कार्ड अपडेट और केवाईसी को लेकर भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह 4 बजे से लोग टोकन पाने के लिए लाइन में लग रहे हैं, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। दूर-दराज से आने वाले लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन केंद्र की सीमित क्षमता के कारण कई को निराश लौटना पड़ रहा है।
पोस्ट ऑफिस आधार केंद्र पर टोकन पाने के लिए सुबह तड़के से लाइनें लग रही हैं। आधार अपडेट और केवाईसी के लिए स्कूली बच्चों, किसानों और ग्रामीणों को विशेष परेशानी हो रही है। राशन कार्ड, स्कूल प्रवेश और सरकारी योजनाओं के लिए आधार अपडेट अनिवार्य होने से भीड़ बढ़ रही है। कई ग्रामीणों को बार-बार केंद्र के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आधार केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि अतिरिक्त केंद्र खोलने से आधार अपडेट की प्रक्रिया तेज होगी और लोगों को समय पर सुविधा मिलेगी। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आधार केंद्रों की संख्या बढ़ाने और टोकन प्रणाली में सुधार की मांग की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।








