
हाजी शहजाद के विरुद्ध जारी हुआ लुक आउट सर्कुलर
छतरपुर। गत 21 अगस्त को छतरपुर सिटी कोतवाली में मुस्लिम समाज के द्वारा एक विरोध प्रदर्शन के दौरान किए गए पथराव और मारपीट मामले में पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के बाद मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। उक्त कार्रवाई पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तथा खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और कांग्रेस की राष्ट्रीय नेत्री प्रियंका गांधी ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में रविवार को पुलिस ने आरोपी हाजी शहजाद अली के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। दरअसल हाजी शहजाद अली के विदेश भागने की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। शहजाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।









