
परिजनों ने मामले को बताया संदिग्ध, जांच शुरू
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा में बीती रात क्रॉसिंग के दौरान टैक्सी पलट जाने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताया है क्योंकि युवक के साथ जो लोग टैक्सी में थे उनसे युवक की बुराई चल रही थी और दुर्घटना में उन्हें चोटें नहीं आई हैं। गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहां बमीठा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक के चाचा रामकृपाल आदिवासी निवासी ग्राम गढ़ा ने बताया कि उसका 20 वर्षीय भतीजा राधेश्याम पुत्र सुम्मेदा आदिवासी, परिवार के ही जगदीश आदिवासी और सीताराम आदिवासी के साथ टैक्सी में सवार होकर रात करीब 1 बजे मैन रोड से गांव की ओर आ रहा था। टैक्सी में सवार जगदीश आदिवासी के मुताबिक वे तीनों शराब के नशे में थे, टैक्सी राधेश्याम चला रहा था। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन से क्रॉसिंग के दौरान टैक्सी पलट गई, जिससे जगदीश और सीताराम दूर जाकर गिरे और राधेश्याम की टैक्सी के नीचे दबने के कारण मौत हो गई। वहीं मृतक के चाचा रामकृपाल के मुताबिक टैक्सी में मृतक के अलावा परिवार के जो अन्य लोग सवार थे उनके साथ पिछले कुछ दिनों से जमीनी विवाद चल रहा है। उक्त दुर्घटना में अन्य किसी को चोटें नहीं आई हैं, जिस कारण से उन्हें मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद राधेश्याम को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां मौत की पुष्टि होने के बाद गुरूवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया।








