रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभ
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कलहरा कुआं मोहल्ला में मंगलवार शाम करीब 6 बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में बुरी तरह घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कलहरा कुआं मोहल्ला निवासी सुरेश प्रजापति (35) पिता कृपाल प्रजापति मंगलवार शाम अपने घर के पास बैठा हुआ था। तभी मोहल्ले का ही आरोपी पंकज बाल्मीकि वहां पहुंचा और सुरेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सुरेश की पीठ और हाथों में गहरे घाव आए हैं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के समय मौजूद घायल की मां ने पुलिस को सूचना दी और परिजनों की मदद से सुरेश को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले पंकज शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था, जिसका विरोध सुरेश ने किया था। तब आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। सुरेश के भाई मुकेश प्रजापति ने बताया कि होली के दौरान आरोपी ने घर के पास स्थित मंदिर पर शराब की बोतल फेंकी थी, जिसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौका पाकर हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।










