छतरपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने के उद्देश्य से छतरपुर यातायात पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में शहर के हृदय स्थल छत्रसाल चौक पर यातायात पुलिस टीम द्वारा जीवंत नुक्कड़ नाटक का मंचन कर आमजन को नशा मुक्ति और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों और पुलिस जवानों ने प्रभावशाली ढंग से संदेश दिया कि नशा छोड़ो, नशा मुक्त बनो। नाटक के जरिए आम नागरिकों को समझाया गया कि नशे की लत न सिर्फ व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को खोखला करती है, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर देती है। यातायात थाना प्रभारी एवं पुलिस बल ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों और राहगीरों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें और कभी भी नशे की हालत में ड्राइविंग न करें। चौराहे पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए नागरिकों ने नुक्कड़ नाटक को सराहा और यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया।










