टीकमगढ़। पत्रकार जगत से राजनीतिक जीवन में कदम रखने वाले विधायक हरिशंकर खटीक ने पत्रकारों के दर्द और समस्याओं को जाना समझा ही नहीं, वल्कि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों को गंभीरता से लिया। इस उदाहरण उस समय सामने आया, जब वह यहां एक पत्रकार सम्मेलन में शामिल होने के तत्काल बाद एक्शन मूड में नजर आए। श्री खटीक ने अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री का ध्यान अपेक्षित करने पत्र लिखा और लंबे समय से चली आ रही पत्रकारों की मांग को पूरा करने का आग्रह किया। श्री खटीक ने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में पत्रकारों को दिए गए आश्वासन का भी स्मरण कराते हुए मांगों को पत्रकारों के हितों में बताया है। जतारा विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक 44) के विधायक, पूर्व प्रदेश महामंत्री भाजपा एवं पूर्व मंत्री म.प्र. शासन हरिशंकर खटीक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर प्रदेश में “पत्रकार सुरक्षा कानून” शीघ्र लागू करने की सिफारिश की है। अपने पत्र क्रमांक MLA/JTR/2026/405, दिनांक 28-09-2026 के माध्यम से विधायक श्री खटीक ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया है कि हाल ही में टीकमगढ़ जिला मुख्यालय पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया की अध्यक्षता में पत्रकारों का एक सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में जिले के पत्रकार साथियों ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के समक्ष पुरजोर मांग रखी कि प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाया जाए। पत्रकारों ने सम्मेलन में बताया कि मुख्यमंत्री महोदय ने स्वयं मुरैना जिले के शासकीय प्रवास के दौरान घोषणा की थी कि पत्रकारों की सुरक्षा हेतु पत्रकार सुरक्षा कानून छह माह के भीतर लागू किया जाएगा। पत्र में विधायक श्री हरिशंकर जी ने उल्लेख किया है कि घोषणा के बाद भी कानून लागू न होने से पत्रकारों में रोष है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कानून शीघ्र लागू नहीं किया गया तो वे अक्टूबर 2026 में प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। विधायक हरिशंकर खटीक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ, कलम के सिपाही पत्रकारों के हित को देखते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून को अतिशीघ्र प्रदेश में लागू कराने का कष्ट करें। श्री खटीक जी की इस पहल का स्वागत करते हुए पत्रकारों ने धन्यवाद ज्ञापित किया है। इसके साथ ही उम्मीद जताई है कि पत्रकारों के हितों में सरकार जल्दी ही कुछ ठोस कदम उठाएगी।









