हरपालपुर। रेलवे स्टेशन हरपालपुर के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर 18 सितंबर की रात हुई राहुल सोनी की हत्या का जीआरपी पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक राहुल सोनी (35), निवासी वार्ड क्रमांक 19 नौगांव, जिला छतरपुर की सिर के पीछे गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या की गई थी। घटना के बाद जीआरपी थाना रीवा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। 22 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर हरपालपुर-नौगांव रोड स्थित कुकरेल हनुमान मंदिर के सामने जंगल से शिवम श्रीवास (27), निवासी ग्राम रक्सा, जिला झांसी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने राहुल सोनी पर ईंट के टुकड़े से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के समीप झाडिय़ों से घटना में प्रयुक्त ईंट का आधा टुकड़ा बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर आशुतोष मिश्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी विजय गोठारिया के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सउनि आर.एल. प्रजापति, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, निशांत पाठक, राजा यादव और अनिल अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









