नौगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा एवं जनकल्याण के संदेश को लेकर निकली मोटरसाइकिल संकल्प सेवा यात्रा बुधवार को नौगांव पहुंची। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की सीमा से छतरपुर जिले में प्रवेश करने पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने यात्रा का स्वागत किया।
लोकसभा क्षेत्र बनारस से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात के वडनगर में संपन्न होगी। करीब 21 दिनों तक चलने वाली यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
नौगांव पहुंचने के बाद यात्रा प्रभारी एवं सदस्यों ने ग्राम पंचायत बिलहरी स्थित स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
यात्रा के दौरान नौगांव अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए गए। इसके साथ ही नरसिंह मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। यात्रा सदस्यों ने लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
यात्रा प्रभारी ने कहा कि संकल्प सेवा यात्रा का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों से संवाद करना है। यात्रा के स्वागत के दौरान पूर्व विधायक पुष्पेंद्र नाथ पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजेश, नगर अध्यक्ष गजेंद्र सोनकिया, जनपद अध्यक्ष हेमलता राकेश पाठक, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुड्डू सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नगरवासी मौजूद रहे।









