Home डेली न्यूज़ खजुराहो पुलिस पर गंभीर आरोप, वायरल वीडियो के बाद पीडि़त परिवार को...

खजुराहो पुलिस पर गंभीर आरोप, वायरल वीडियो के बाद पीडि़त परिवार को धमकाने का आरोप

1
0
Jeevan Ayurveda


छतरपुर। खजुराहो थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरी में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। पानी भरने के विवाद में घायल युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज करने के बाद गिरफ्तारी और जेल भेजने का भय दिखाकर उनसे रुपये लिए। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें खाकी वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी के सामने महिला रुपये एक थैले में डालती नजर आ रही है और रकम की गिनती करती सुनाई देती है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि वीडियो सामने आने के बाद खजुराहो पुलिस ने रात में उनके घर पहुंचकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया तथा ऐसा नहीं करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। मामले में मल्लू बाई अहिरवार सहित परिवार ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और निष्पक्ष जांच के साथ सुरक्षा की मांग की है।
यह है पूरा मामला
परिजनों के मुताबिक, 12 जून 2026 को ग्राम टिकरी में हैंडपंप से पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान रामा अहिरवार और उसकी बहन सोना अहिरवार के साथ मारपीट की गई, जिसमें सोना के सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि बाद में कानूनी कार्रवाई और जमानत के नाम पर उनसे पैसों की मांग की गई।
वायरल वीडियो को लेकर परिवार का दावा है कि उसमें पुलिसकर्मी के सामने महिला रुपये देते दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसमें दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। पीडि़त परिवार ने पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पर लगे रिश्वतखोरी और धमकी के आरोपों को लेकर अब अधिकारियों की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। पुलिस की ओर से अपना पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here