Home डेली न्यूज़ क्या अब बदल सकेंगे टीकमगढ़ नजाई मंडी के हालात, फिर सक्रिय नजर...

क्या अब बदल सकेंगे टीकमगढ़ नजाई मंडी के हालात, फिर सक्रिय नजर आया प्रशासन? गांव से आने वाली महिलाओं को राहत मिलने के नजर आए आसार

27
0
Jeevan Ayurveda


टीकमगढ़। गांव से डलियां लेकर सब्जी बेंचने आने वाली महिलाएं यहां आने पर मायूस ही रहती हैं। न तो उन्हें बैठने की ठीक से जगह मिलती है और न ही यहां महिलाओं को फारिक होने की कोई जगह नजर आती है। दो जून की रोटी के लिए इंतजाम में जुटी इन महिलाओं को यहां तू-तू, मैं-मैं और तकलीफों में दिन गुजारना पड़ता है। पिछले तीन दशकों से यहां की बुनियादी समस्याओं के लिए आवाज बुलंद की जाती रही है। आखिर में पार्षद अभिषेक खरे रानू ने इसे गंभीरता से लेकर सक्रियता दिखाई और नगर पालिका में भी प्रयास किए। पूर्व में भी यहां का मौका मुआयना कर आवश्यक निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी धरातल पर कुछ खास तब्दीली नजर न आने से यहां के किसानों एवं दुकानदारों के मायूसी ही हाथ लगी थी। अब एक बार फिर प्रशासन ने जिस तरह से सक्रियता दिखाई है, उससे यहां तब्दीली की उम्मीद नजर आई है। सवाल यह है कि क्या यहां दबंगों की दहशत कम हो सकेगी। यहां बनें टीन शेडों में गरीब सब्जी बेंचने वाली महिलाओं को जगह मिल सकेगी। हालांकि कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा दिए गए निर्देशों एवं उनकी सक्रियता से उम्मीद की किरण एक बार फिर नजर तो आई है।
अभिषेक खरे की सराहनीय पहल-
नजाई मंडी की दुर्दशा को सुधारने के लिए पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगातार पहल की जाती रही है। इसके पूर्व भी उन्होनें मंडी का अधिकारियों के साथ भ्रमण कर उचित सलाह दी थी। एक बार फिर वह यहां अधिकारियों के साथ पहुंचे और यहां की बुनियादी जरूरतों से अधिकारियों को अवगत कराया। श्री खरे का प्रयास रहा है कि यहां आने वाले सब्जी बिक्रेताओं एवं महिलाओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। बताया गया गया है कि कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने यहां नज़ाई सब्जी मंडी परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यहां की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए रूपरेखा तैयार की। शहर के बीचों बीच बनी नजाई मंडी की बेशकीमती जमीनों पर जहां असरदार व्यापारियों एवं दबंगो की नजर रही है, वहीं यहां के एतिहासिक दरवाजों की दुर्दशा किसी से छुपी नहीं है, जिन्हें पूर्वत: बनाए जाने की आवश्यकता रही है। बताया गया है कि कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका टीकमगढ़ प्रशासक श्रीमती अंजली शर्मा के साथ नगर की नजाई सब्जी एवं अनाज मंडी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ट्राफिक गड़बडिय़ों का हो निदान –
उन्होंने मंडी के बाहर से अंदर तक छोटे एवं बड़े व्यापारियों की दुकान की बैठक व्यवस्था सुनियोजित करने के लिए निर्देशित किया एवं सब्जी, फल एवं अनाज के ठेलों की बैठक के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों, व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यहां बता दें कि अब तक यहां सब्जी बेंचने आने वाली महिलाओं को गंदगी एवं खुले में बैठकर अपनी सब्जी बेंचना पड़ती है। उन्होंने कहा कि मंडी में स्थायी व्यापारियों एवं अस्थायी व्यापारियों के लिए उचित व्यवस्था बनाएंगे। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में नागरिकों के लिए एक निश्चित स्थान पार्किंग व्यवस्था के लिए चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि मंडी परिसर में अनावश्यक ट्रैफिक को कम किया जा सके।
बुनियादी समस्याओं दूर की जाएं –
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों से मंडी परिसर में पेयजल एवं छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे गर्मी के मौसम में व्यापारियों और खरीदारों को राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त मंडी परिसर में शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया एवं बताया गया कि नगरपालिका की तरफ से शौचालय का टेंडर किया जा चुका एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान पार्षद अभिषेक खरे रानू ने भी अनेक सुझाव दिए, जिन्हें गंभीरता से लिया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के उपरांत मंडी परिसर में किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी व्यवस्थायें सुनियोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर कार्ययोजना शुरू की जाएगी।
यह रहे मौजूद-
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका टीकमगढ़ प्रशासक श्रीमती अंजली शर्मा, तहसीलदार टीकमगढ़ सत्येंद्र सिंह गुर्जर एवं सीएमओ नगर पालिका ओमपाल सिंह भदौरिया, पार्षद अभिषेक खरे, वार्डवासी जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here