Home डेली न्यूज़ गांव के एक दर्जन घरों में एक साथ हुई चोरी, एसपी के...

गांव के एक दर्जन घरों में एक साथ हुई चोरी, एसपी के पास पहुंचे ग्रामीण

34
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नहदौरा में चोरों ने एक ऐसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है जिसने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। बीती 10 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 12 घरों को अपना निशाना बनाया। मंगलवार को इस बड़ी वारदात से आक्रोशित दर्जनों ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी राजनगर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।पीडि़त ग्रामीणों ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि चोरों ने चोरी से पहले संभवत: किसी नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया था। यही कारण रहा कि एक ही रात में 12 घरों के कुंदे कटे, अलमारियां खंगाली गईं, लेकिन किसी भी परिवार के सदस्य की नींद नहीं खुली। ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने करीब 95 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी है। सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं, तो घरों का सामान बिखरा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना को एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। ग्रामीणों ने एसपी से मुलाकात के दौरान राजनगर पुलिस पर घोर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में न तो रात को पुलिस गश्त होती है और न ही घटना के बाद संदिग्धों की तलाश में कोई गंभीरता दिखाई गई है। पीडि़तों का कहना है कि वे अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई खो चुके हैं, लेकिन पुलिस केवल आश्वासन दे रही है। एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाए और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी हो। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गांव और आसपास के इलाकों में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here