महाराजपुर। बेजुबान जानवरों के प्रति क्रूरता का एक हृदयविदारक मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। बीती रात एक बैल को लोडर वाहन से बांधकर बेरहमी से घसीटने के विरोध में आज बड़ी संख्या में गौसेवकों ने महाराजपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
गौसेवक संतोष रैकवार ने बताया कि घटना 1 मार्च की रात करीब 9:40 बजे की है। खंदिया क्षेत्र में एक बैल खड़ा था, जिसे बहादुर चौरसिया (मम्मा तेल वाले) नामक व्यक्ति ने अपने लोडर वाहन में रस्सी से बांधा और क्रूरतापूर्वक घसीटते हुए गल्ला मंडी महाराजपुर ले जाकर छोड़ दिया। इस अमानवीय कृत्य के कारण बैल पूरी तरह घायल और लहूलुहान हो गया है। बैल के शरीर पर गंभीर जख्म आए हैं, जिसका उपचार स्थानीय गौसेवकों द्वारा कराया जा रहा है। थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में गौसेवकों ने उक्त कृत्य को राक्षस प्रवृत्ति का करार देते हुए आरोपी बहादुर चौरसिया के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और बेजुबानों के प्रति ऐसी संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से देवेंद्र सिंह यादव, नितेश दुबे, संतोष रैकवार, अतुल सेन, नितेश, शुभम मिश्रा, अखिल चौरसिया, प्रतीक कुट्टे, देवा रैकवार और आकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









