कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन ने मंगलवार को ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम पहुंचकर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि जीर्णशीर्ण भवनों को तत्काल डिस्मेंटल करने के कार्यवाही शुरू करें। कलेक्टर ने भीड़ नियंत्रण के संबंध में भी आवश्यक वेरीकेडिंग करने एवं व्यवस्थित प्रवेश और निकास द्वारा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य पदार्थों के लगातार नमूने एकत्रित कर जांच हेतु लैब भेजने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को अवैध रूप से लगी बिजली लाइन को काटने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने अमानक स्तर के सिलेंडर पाए जाने पर दुकानों को भी तत्काल सील करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बारिश के कारण हुए घटना स्थल सहित कथा स्थल एवं मंच का भी निरीक्षण किया। एसपी श्री जैन ने कार्यक्रम कथा स्थल में भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनाती और आपात स्थिति में निकास द्वार के चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही लॉ एंड ऑर्डर के संबंध में एसडीओपी को निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा बागेश्वर धाम के प्रतिनिधि को भीड़ नियंत्रण के लिए अपने सेवादारों को लगाकर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के संबंध में भी निर्देशित किया। इस दौरान सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, सीईओ, एसडीओपी सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









