खजुराहो। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के आराध्य देव भगवान मतंगेश्वर महादेव के मंदिर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर अटूट आस्था का नजारा देखने को मिला। कड़ाके की ठंड के बावजूद तड़के 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का रेला शिवसागर तालाब की ओर उमड़ पड़ा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार, भक्तों ने तालाब के पवित्र जल में डुबकी लगाई और उसके पश्चात कतारबद्ध होकर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सुरक्षा और सुगमता की दृष्टि से खजुराहो एसडीओपी मनमोहन बघेल और थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सेन ने मंदिर परिसर एवं घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात किया था। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन प्राप्त हुए। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार (पप्पू अवस्थी) और सीएमओ बसंत चतुर्वेदी की देखरेख में तालाब के घाटों की विशेष साफ-सफाई कराई गई थी, ताकि दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद की टीम ने स्वयं मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मकर संक्रांति का यह पर्व खजुराहो में धार्मिक सद्भाव और बुंदेली संस्कृति के उत्सव के रूप में संपन्न हुआ। समूचे बुंदेलखंड से आए हजारों श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल ने सराहनीय भूमिका निभाई।









