लवकुशनगर। लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले प्रतापपुरा निवासी राम चरण पाल के घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला पुलिस ने मात्र दो दिनों में सुलझा दिया है। थाना प्रभारी अजय अम्बे और उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई से पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसडीओपी नवीन दुबे ने आज प्रेस वार्ता में इस मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व प्रतापपुरा में राम चरण पाल के आवास से चोरों ने सेंध लगाकर आठ सोने के आभूषण कुल 26 ग्राम और एक किलो चार सौ ग्राम चांदी चुरा ली थी। चोरी का कुल मूल्य लाखों रुपये आंका गया था।
पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और गहन पूछताछ व मुखबिरों की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किया गया पूरा सामान जब्त कर लिया गया, जिसमें आठ सोने के नग (26 ग्राम) और 1 किलो 400 ग्राम चांदी शामिल है। बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि यह कार्रवाई थाना प्रभारी अजय अम्बे की कुशल टीम वर्क का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में अपराधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है और ऐसी घटनाओं में शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है।









