छतरपुर। गुरुवार की सुबह एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना गौरिहार थाना क्षेत्र के खड्डी पहरा रोड पर हुई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घायलों को बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। एक वृद्ध महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह गौरिहार थाना क्षेत्र के खड्डी पहरा के पास यात्री बस क्रमांक एमपी 16 पी 0276 अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुल 10 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक वृद्ध महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। बताया गया है कि बस चंदला से छतरपुर की ओर जा रही थी और खड्डी पहरा के पास क्रॉसिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुँची। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत गौरिहार अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। गौरिहार थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने बताया कि बस हादसे में 8-10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें गौरिहार अस्पताल भेजा गया है।पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस हादसे के घायलों को पहुंचाया अस्पतालचौकी पहरा थाना गौरिहार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खड्डी के पास एक यात्री बस के पलटने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पलटी हुई बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस टीम ने बस की प्रत्येक सीट, नीचे के हिस्सों एवं आसपास का बारीकी से निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी यात्री अंदर फंसा न रह जाए। यात्रियों के सामान को भी सुरक्षित निकालकर सुपुर्द किया गया। घायलों को तत्काल पुलिस वाहन एवं क्षेत्रवासियों के वाहनों की सहायता से उपचार हेतु नज़दीकी चिकित्सालय पहुंचाया गया। इस त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरिहार निरीक्षक संदीप दीक्षित, चौकी प्रभारी पहरा उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव, उप निरीक्षक सुरेंद्र मरकाम, प्रधान आरक्षक बाबूलाल, आरक्षक मुलायम सिंह, अमित शर्मा, शंकर पटेल, दीपक चौरसिया, दीपक सिंह गौर, दीप धाकड़ तथा क्षेत्रवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। छतरपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर यात्रियों की जान बचाई गई एवं घटना स्थल पर प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया गया।










