।छतरपुर। शनिवार देर रात नौगांव रोड पर हीरो एजेंसी के समीप एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। हादसा रात लगभग 9 बजे का बताया जा रहा है। घायल युवक की पहचान कैलाश चतुर्वेदी निवासी होटल रिजेंसी के पीछे, छतरपुर के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैलाश के सिर में गहरी चोट लग गई और वह सड़क पर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़ा।हादसे के कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे दो युवक—दीपक गोस्वामी और अश्वनी नायक—ने घायल को देखा। दोनों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए अपनी कार रोकी और बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल कैलाश को जिला अस्पताल पहुँचाया। उसके सिर से अत्यधिक खून बह रहा था, जिस कारण मौके पर मौजूद लोगों में भी चिंता बढ़ गई।अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने युवक को तुरंत उपचार के लिए भर्ती किया। डॉक्टरों के अनुसार सिर की चोट गहरी होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद भी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुँच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नौगांव रोड पर कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों की कमी और तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाएँ बढ़ रही हैं। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है। डॉक्टरों ने घायल की स्थिति स्थिर होने तक उसे निगरानी में रखने की बात कही है।










