पाठक के छतरपुर नगर में प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों द्वारा फूलमाला, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद देर शाम वह जिला भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह नव नियुक्त भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक पन्ना के मड़ला से छतरपुर जिले में दाखिल हुईं जहां जिले की सीमा से ही उनका स्वागत शुरू हुआ। टोरिया टेक, चंद्रनगर, बमीठा, देवगांव, झमटुली, देवरा, जटाशंकर धाम, बिजावर, पंडित रामाधार मिश्रा निवास हटवाहा, रगौली, मातगवां, चौका, ढडारी, बगौता होते हुए देर शाम उनके काफिले ने छतरपुर में प्रवेश किया। शहर के श्री मोटे के महावीर मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद रैली के रूप में छत्रसाल चौराहा, महल तिराहा, चौक बाजार, हटवारा, पत्रकार चौक, बस स्टैंड होते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंचीं। कार्यालय में छतरपुर विधायक ललिता यादव, कामाख्या प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









