घुवारा। जिले के भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम गोरखपुरा में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक महिला को हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह विवाद सेन परिवार और दुबे परिवार के बीच खसरा नंबर 1219, रकबा 4.796 हेक्टेयर जमीन को लेकर चल रहा है। मामला वर्तमान में अपर कलेक्टर और बड़ा मलहरा एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। पीडि़ता सहोद्रा सेन ने बताया कि वह अपने खेत में जोताई कर रही थीं, तभी सोनू दुबे अपने तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और ट्रैक्टर पर रखी बोरी तोडऩे तथा खेत पर कब्जा करने का प्रयास करने लगा। जब सहोद्रा ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके हाथ-पैर और मुंह रस्सी से बांध दिए तथा लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में महिला बंधी हुई हालत में दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में एक व्यक्ति बाइक से आकर महिला और उसके परिवार को गाली-गलौज और धमकी देता नजर आ रहा है।
पीडि़ता के बेटे नंदकिशोर सेन ने बताया कि उन्होंने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बनाया था, जिसे अब पुलिस ने जब्त कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है, बल्कि उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। वहीं दूसरे पक्ष के सोनू दुबे ने बताया कि विवादित जमीन उनकी है और सेन परिवार से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रहे हैं।









