छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम बरेठी में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी, कुल्हाड़ी, फरसा और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को खजुराहो उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सभी को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। सूचना मिलने पर बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि दोनों पक्षों का आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घायलों में सूबेदार सिंह, अनृत सिंह, रणधीर सिंह, रोशन सिंह, प्रताप सिंह, अमरपाल सिंह, बाबू राजा, नैंसी राजा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रताप सिंह, बाबू सिंह, रतन सिंह, भोले सिंह, रूद्र सिंह, हल्के सिंह, धमेन्द्र सिंह, अरविंद सिंह, वीरेन्द्र सिंह, मंगल सिंह, भगुन सिंह, विक्रम, रोशन, रनधीर, हल्की भैया, बड़े भैया, सचिन, शैलेंद्र, गुड्डा, राजपाल, सूबेदार, महेंद्र, गिराई, अंशुल मिश्रा आदि पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।









