खजुराहो। थाना क्षेत्र में बीती रात हुए सड़क दुर्घटना में नवयुवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि युवक अपनी बीमार मां के लिए दवा खरीदने गया था और दवा लेकर घर वापिस लौटते वक्त रास्ते में उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक बुरी तरह घायल हुआ था, जिसे गंभीर हालत में ग्वालियर ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।प्राप्त जानकारी के मुताबिक खजुराहो के टिकरी पवननगर निवासी रामअवतार अहिरवार ने बताया कि उसका 26 वर्षीय छोटा भाई सुखलाल पुत्र मुन्ना लाल अहिरवार शुक्रवार की शाम को अपनी बाइक से मां के लिए बुखार की दवा लेने खजुराहो गया था। दवा लेकर घर लौटते वक्त एलआईसी कार्यालय के सामने, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल सुखलाल को एंबुलेंस से खजुराहो अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने सिर में चोट के कारण छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुखलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में झांसी के पास उसकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह छतरपुर जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बताया गया है कि सुखलाल अपने घर के पास ही किराना की दुकान चलाता था। उसकी दो साल की एक पुत्री है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया है। खजुराहो थाना प्रभारी प्रशांत सेन ने बताया कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकालकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।










