छतरपुर। छतरपुर के वार्ड नं. 8 (बेहर मुहल्ला) निवासी पुष्पेन्द्र कुशवाहा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपनी पत्नी व उसके मायके वालों के खिलाफ कथित प्रताडऩा का आवेदन दिया है। प्रार्थी ने पत्र में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी ने बार-बार मामूली विवादों पर मायके पक्ष को बुलाकर वापस चली जाना शुरू कर दिया, तथा मायके पक्ष के लोग उसके घर आकर गालियाँ देते और जान से मारने की धमकी देते हैं।पुष्पेन्द्र ने बताया कि उनकी शादी 2023 में नेहा कुशवाहा (आयु लगभग 25 वर्ष) से हुई थी। प्रारम्भ में जब सब ठीक था तो वे अपने माता-पिता से अलग होकर पति-पत्नी के रूप में रहे, परन्तु बाद में पत्नी के बार-बार मायके जाने व मायके पक्ष द्वारा उत्पीडऩ की घटनाओं से घरेलू जीवन प्रभावित हुआ। प्रार्थी का आरोप है कि दबाव के चलते उनकी पत्नी के पेट से दो-तीन बार गर्भपात भी हुए, जिसका दोष वे मायके पक्ष पर लगाते हैं। आवेदन में पुष्पेन्द्र ने एसपी से गुहार लगाई है कि उनकी पत्नी तथा मायके के उन सदस्यों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए जो धमकियाँ देते, गालियाँ देते तथा दहेज का मामला बनाकर परेशान करते हैं। साथ ही प्रार्थी ने अनुरोध किया है कि पत्नी को समझाइश देकर ससुराल में रहने के लिए प्रेरित किया जाए ताकि वैवाहिक जीवन को पुन: सामान्य किया जा सके।









