Home डेली न्यूज़ श्री मतँगेश्वर महादेव को 18 ज्योतिर्लिंग में शामिल करने से खजुराहो बनेगा...


श्री मतँगेश्वर महादेव को 18 ज्योतिर्लिंग में शामिल करने से खजुराहो बनेगा महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल: डॉ. राकेश मिश्रा

93
0
Jeevan Ayurveda

खजुराहो। पवित्र नगरी खजुराहो में स्थित भगवान श्री मतँगेश्वर महादेव मंदिर को 18 ज्योतिर्लिंगों में शामिल किए जाने की चर्चा ने क्षेत्र में नई धार्मिक चेतना और उत्साह का संचार कर दिया है। इसी क्रम में श्री मतँगेश्वर सेवा समिति एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर खजुराहो के प्रतिनिधि पंडित सुधीर शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पंडित गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा आयोजित पं. गणेश प्रसाद जी की नवमी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में भाग लेने नीलकंठ धाम धवर्रा, जिला महोबा पहुँचा।
इस अवसर पर पंडित शर्मा ने इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री अमित शाह के पूर्व सचिव एवं पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा से विशेष भेंट की। बातचीत के दौरान उन्होंने ब्रह्मकुमारी पुष्पलता जी एवं आकांक्षा टिक्कू द्वारा प्रारंभ किए गए उस धार्मिक अभियान की जानकारी दी, जिसके अंतर्गत देश के 12 ज्योतिर्लिंगों के साथ 6 और पवित्र स्थलों को जोड़कर कुल 18 ज्योतिर्लिंगों की परिकल्पना की जा रही है। इस प्रस्ताव को शंकराचार्य जी द्वारा भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिससे यह पहल और अधिक प्रभावशाली बन गई है।
डॉ. मिश्रा ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि खजुराहो के श्री मतँगेश्वर महादेव को 18 ज्योतिर्लिंगों में स्थान मिलता है, तो यह सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व की बात होगी। उन्होंने कहा कि इससे खजुराहो न केवल भारत में, बल्कि विश्व स्तर पर एक प्रमुख तीर्थ स्थल के रूप में स्थापित होगा। यहाँ धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ योग, ध्यान, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति से जुड़े बड़े-बड़े संस्थान खुलेंगे, जिससे क्षेत्र का बहुआयामी विकास सुनिश्चित होगा। इससे स्थानीय युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा खजुराहो का सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान होगा।
उन्होंने कहा कि यह नगर सदियों से भारतीय कला, संस्कृति और अध्यात्म का अद्वितीय प्रतीक रहा है। भगवान श्री मतँगेश्वर महादेव की ज्योतिर्लिंग रूप में प्रतिष्ठा इस नगरी के गौरव को और अधिक उज्ज्वल करेगी। उन्होंने क्षेत्र के समाजसेवियों और श्रद्धालुओं से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में गुजरात से आए गणेश भाई ने आयोजन स्थल का अवलोकन कर वहाँ की व्यवस्थाओं की सराहना की। उनके साथ अमेरिका से पधारे दिनेश पाठक, ग्रजेश पाठक और सचिन पाठक भी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here