छतरपुर। ईशानगर पड़ाव चौराहा से शनिवार को विशाल चुनरी यात्रा का शुभारंभ किया गया। यह यात्रा महावीरन तालाब बड़ी माता मंदिर से होते हुए दाऊआ कुआं स्थित माता हरसिद्धि शक्तिपीठ तक पहुंची, जहां माता रानी को चुनरी भेंट की गई।
हर वर्ष की भांति इस बार भी नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर ईशानगर क्षेत्र सहित सम्पूर्ण बुंदेलखंड की उन्नति, खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना के साथ चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। बच्चे, महिलाएं एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए।
माता मंदिर पड़ाव चौराहे से प्रारंभ हुई चुनरी यात्रा श्री महावीरन मंदिर होते हुए मां हरसिद्धि शक्तिपीठ दाऊआ कुआं मंदिर परिसर पहुंची। यहां विधि-विधान से महाआरती की गई और प्रसाद वितरण के उपरांत चुनरी यात्रा का समापन हुआ। इस भव्य आयोजन का संयोजन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर सेवा समिति ईशानगर द्वारा किया गया। चुनरी यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में ईशानगर थाना उपनिरीक्षक धर्मेंद्र त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक सुनील अरजरिया सहित पुलिस बल मौजूद रहा।









