छतरपुर। हर वर्ष की भांति इस बार भी सिद्धिविनायक नव दुर्गा उत्सव समिति द्वारा बस स्टैंड छतरपुर पर भव्य माता का दरबार सजाया गया है। समिति हमेशा धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी प्रस्तुत करती है।
इस वर्ष समिति ने युवाओं से जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की अपील की है। झांकी में तीन लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाते दिखाए गए हैं, वहीं पास में खड़ा एक पुलिसकर्मी उन्हें रोकते हुए नजर आता है। दूसरी ओर मां दुर्गा अपने सिंहासन पर विराजमान हैं और उनके समीप भगवान गणेश जी भी विराजित हैं। इस झांकी के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि युवा वर्ग जुआ-सट्टा जैसी कुरीतियों में न फंसे, क्योंकि यह उन्हें आर्थिक, मानसिक और सामाजिक परेशानियों में उलझा देता है।
समिति के अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी ने बताया कि आयोजन के दौरान 26 सितंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न प्रदेशों से कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। 27 सितंबर को संत सम्मान समारोह एवं प्रताप नव युवक संघ की कन्याओं द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। लगातार 9 दिनों तक माता का दरबार सजा रहेगा और प्रतिदिन विविध धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से माता के दर्शन करने एवं कार्यक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया है।










