बमीठा। थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात करीब 2 बजे दो अज्ञात चोरों ने संदीप मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। चोर हाइवे से पैदल आए और पहले दुकान के बाहर रेकी करते नजर आए। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो ट्रैक्टर चालक कुछ देर उनके साथ बातचीत करते हुए दिखाई दिए, जिसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
ट्रैक्टर चालक के वहां से जाने के बाद चोरों ने मेडिकल स्टोर के बगल का दरवाजा तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। गनीमत रही कि मेडिकल स्टोर से चोरों के हाथ मात्र 300 रुपये की चिल्लर ही लगी। वारदात यहीं नहीं रुकी। मेडिकल स्टोर के बगल के घर से जानकी सेन की हीरो होंडा बाइक चोरी हो गई। इसके बाद चोर खैरी पेट्रोल पंप पहुंचे और वहां कर्मचारियों के दो मोबाइल फोन भी चुरा लिए। सूचना मिलते ही बमीठा पुलिस मौके पर पहुंची। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।










