छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नदया में मंगलवार की रात ठाकुर समाज और पाल समाज के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली बातचीत से शुरू हुआ विवाद लाठी और कुल्हाड़ी के हमलों तक पहुंच गया। गांव के ठाकुर समाज के लोगों ने एकजुट होकर पाल समाज के लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पक्षों के लगभग 9 लोग घायल हैं जिनमें से 8 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर इस मामले में पाल समाज की रिपोर्ट पर ठाकुर समाज के 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नदया गांव में रहने वाले हरीराम पाल और राज सिंह ठाकुर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते बीती रात दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हुई। विवाद की शुरूआत तब हुई जब हरीराम पाल के भतीजे रामगोपाल पाल को रात करीब 9 बजे राज सिंह ठाकुर, भोलू राजा बुन्देला और शैलेन्द्र सिंह ने रास्ते में रोककर मारपीट कर दी। इसके बाद हरीराम पाल परिवार के लोग इस हमले का विरोध करने लगे तो करीब एक घंटे बाद राज सिंह ठाकुर के परिवार के 27 लोगों ने पाल परिवार पर हमला कर दिया। एफआईआर के मुताबिक हमलावरों में भोलू राजा बुन्देला, शैलेन्द्र, रविराजा, सत्यम, सतेन्द्र, शिवाजी राजा, राहुल, नीरेन्द्र, राजुल सिंह, ओमपाल सिंह, राघव सिंह, नीतेन्द्र सिंह, भूरेराजा, सुक्की राजा, सुम्मेर सिंह, लवप्रताप सिंह, उपेन्द्र सिंह, जेवेन्द्र सिंह, सुखसाब सिंह, दीपक सिंह, बब्बूराजा, हाकिम सिंह, राघवेन्द्र सिंह, त्रिलोक सिंह, राम सिंह, नत्थू सिंह के नाम शामिल हैं। इन सभी आरोपियों ने हरीराम पाल, हरीदास पाल, वृंदावन, जागेश्वर, बृजमोहन पाल को बुरी तरह पीटा जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर दूसरे पक्ष का कहना है कि पाल समाज के लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की है जिसके कारण राज राजा, राजुल, शिवाजी और भोलू भी जख्मी हुए हैं। बहरहाल सभी घायल जिला अस्पताल के एक ही वार्ड में भर्ती हैं। उधर पुलिस ने हरीराम पाल की शिकायत पर 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।









