
छतरपुर। जिले के बिजावर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम ऐरोरा में जमीनी विवाद के चलते खेत की रखवाली कर रहे किसान के साथ गांव के ही कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। पीड़ित युवक के परिजनों ने मंगलवार को एसपी ऑफिस में आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की है।ऐरोरा निवासी सुरेश अहिरवार ने बताया कि गांव का रमेश यादव और मोहन यादव उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की नियत से आए दिन विवाद करते हैं। विगत 10 जनवरी को सुरेश का भाई धनीराम खेतों की रखवाली कर रहा था तभी रमेश और मोहन ने एक अन्य युवक के साथ खेत पर पहुंचकर विवाद किया और इसके बाद धनीराम के साथ मारपीट की। सुरेश के मुताबिक आरोपी धनीराम को कुंए में फेकने का प्रयास कर रहे थे लेकिन किसी तरह उनकी पकड़ से छूटकर धनीराम भाग निकला। सुरेश के मुताबिक उसने 11 जनवरी को बिजावर थाने में रिपोर्ट की थी लेकिन पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं की जा रही है।








