बकस्वाहा। नगर में बड़े हर्षोल्लास के साथ गणेशोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 27 अगस्त से प्रारंभ गजानन महोत्सव का शुभारंभ सप्त दिवसीय श्रीमद भागवत कथा हेतु भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ है। कार्यक्रम में श्री धाम वृन्दावन से पधारे प्रसिद्ध कथा व्यास धर्माचार्य पं. श्री राघवेंद्र महाराज सहित समस्त आचार्यों के नगर प्रवेश पर समिति के सदस्यों सहित नगरवासियों ने आत्मीय स्वागत उपरांत नगर में आस्था और उत्साह के सराबोर के साथ लोंगो के चेहरों पर अलग ही चमक देखने मिल रही है।
बड़ा बाजार स्थित विशाल पंडाल में बकस्वाहा के राजा- श्री गणेश दादा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल द्वारा लाल बाग के राजा की 10 फीट लंबी भव्य प्रतिमा विराजमान की गई है। यह प्रतिमा लालबाग के राजा की तर्ज पर तैयार की गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कलश यात्रा बनी नगर का मुख्य आकर्षण
श्रीमद भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा में नगरवासियों ने भारी संख्या में भाग लिया। कलश यात्रा का शुभारंभ बड़े बाजार कथा स्थल से हुआ। यात्रा बस स्टैंड, देवरी तिराहा, जनकपुर मोहल्ला, थाना तिराहा, बांके बिहारी मंदिर और राम-जानकी मंदिर से होती हुई पुन: कथा स्थल पर संपन्न हुई।
देवरी तिराहा पर परंपरा अनुसार मीठा पुराने बैर से कलशों में जल भरने का अनुष्ठान किया गया है यात्रा के दौरान ढोल-ढमाकों और डमरू दल की थाप ने लोगों का मन मोह लिया। महिलाएं, बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी उत्साहपूर्वक शामिल हुए, नगर की मुख्य सड़कों पर धार्मिक माहौल और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा।
धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला –
गणेशोत्सव मंडल द्वारा इस अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समृद्ध झलक देखने को मिलेगी। समिति द्वारा तय कार्यक्रम अनुसार दिनांक 27 अगस्त – श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ एवं कलश यात्रा, 28-29 अगस्त – गरबा-डांडिया महोत्सव, 31 अगस्त – दही हांडी उत्सव, 1 सितम्बर – कृष्ण-रुक्मिणी विवाह उत्सव, 3 सितम्बर – भोलेनाथ की बारात, 4-5 सितम्बर – भक्तमाल कथा, 6 सितम्बर – हवन-पूजन, गौदान एवं गणेश विसर्जन शामिल है।
आकर्षण का केंद्र बना पंडाल – गणेशोत्सव मंडल द्वारा तैयार किया गया विशाल पंडाल नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना है। पंडाल की विद्युत सज्जा, रोशनी और रंग-बिरंगी झिलमिलाती लाइटें लोगों को रात्रि में आकर्षित कर रही हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला ने पूरे नगर का वातावरण भक्ति और आनंदमय बना दिया है।
उत्साह और उल्लास का माहौल – नगर में गणेशोत्सव को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है पंडाल में श्रद्धालु सुबह – शाम गणपति बप्पा के दर्शनों हेतु पहुंच रहे हैं बच्चे झांकियों का आनंद ले रहे हैं, वहीं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।










