छतरपुर। जिले के सटई में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर शनिवार को आजाद समाज पार्टी ने जिला मुख्यालय पर रैली निकालने के बाद कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। कई वर्षों से चली आ रही इस मांग को पूरा न करने पर पार्टी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष गजेंद्र अहिरवार ने बताया कि सटई में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन जिला प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। मांग को पूरा कराने के लिए आज छतरपुर के मेलाग्राउंड से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रतिमा स्थापित नहीं हुई तो पार्टी मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी के अलावा, बड़ी संख्या में मांग का समर्थन करने वाले लोग मौजूद रहे।










