छतरपुर। छतरपुर के कोतवाली थाना में पिछले दिनों युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष पर एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है, जिसका लगातार विरोध जारी है। आरोप है कि राजनैतिक द्वेष भावना के चलते षडयंत्र पूर्वक विधानसभा अध्यक्ष पर मामला दर्ज कराया गया है। मंगलवार को युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यालय से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली और कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर विधानसभा अध्यक्ष के साथ न्याय करने की मांग की।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा ने बताया कि पुष्पेंद्र कुशवाहा युवा कांग्रेस के छतरपुर विधानसभा अध्यक्ष हैं तथा शहर के वार्ड 38 से उनकी माताजी काशीबाई कुशवाहा पार्षद हैं। चूंकि पुष्पेंद्र कुशवाहा समय-समय पर अव्यवस्थाओं के खिलाफ नगर पालिका की शिकायतें करते आए हैं, जिस कारण से नगर पालिका के एक कर्मचारी ने पिछले दिनों पुष्पेन्द्र के ऊपर कोतवाली थाना में झूठा मामला दर्ज करा दिया है। लोकेन्द्र ने बताया कि यह मामला पूर्णत: आधारहीन एवं राजनैतिक द्वेषभावना से प्रेरित है। पुष्पेंद्र कुशवाहा का व्यक्तित्व शांतिप्रिय है, और उनकी छवि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले युवा की है। लोकेन्द्र ने ज्ञापन सौंपकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर पुष्पेन्द्र कुशवाहा के साथ न्याय किया जाए।








