बकस्वाहा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नगर परिषद कार्यालय में दो बार ध्वजारोहण किया गया, जिसके बाद सीएमओ और जनप्रतिनिधियों के आपसी मतभेद खुलकर सामने आ गए। बताया गया है कि एक ही कार्यालय में दो अलग-अलग स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया, जो कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहले सीएमओ नेहा शर्मा ने कर्मचारियों के साथ कार्यालय की छत पर ध्वजारोहण किया, जो वर्षों से चली आ रही परंपरा के खिलाफ था। इसके कुछ समय बाद, निर्धारित स्थान पर नगर परिषद उपाध्यक्ष नीमा देवी सिंह लोधी ने परंपरागत रूप से कार्यालय में ध्वजारोहण किया। हालांकि नियम के अनुसार, कार्यालय में केवल एक बार ध्वजारोहण होना चाहिए था, लेकिन सीएमओ और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव के चलते यह अनोखा दृश्य देखने को मिला। बहरहाल बकस्वाहा के भाजपा मंडल अध्यक्ष ने इस घटना को अनुचित बताते हुए कड़ी निंदा की है। गौरतलब है कि सीएमओ नेहा शर्मा इससे पहले भी अपने इस तरह के रवैये के कारण चर्चा में रह चुकी हैं।









