छतरपुर। शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार छतरपुर जिले में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया था। निर्देशानुसार जिले में अभियान के द्वितीय चरण में मंगलवार को छतरपुर जिले के ग्राम मऊसहानियां में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजनगर में तिरंगा पैदल रैली का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था माइन्ड इम्पॉवरिंग सोशल फाउंडेशन द्वारा हर हर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राजनगर में तिरंगा पैदल रैली का आयोजन किया गया। रैली माध्यमिक शाला राजगढ़ से प्रारंभ होकर ग्राम पंचायत भवन तक निकाली गई, जिसमें हर घर तिरंगा लगाने का संदेश दिया गया। लवकुशनगर में तिरंगा यात्रा निकालकर, हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया और हर घर तिरंगा लहराने का नन्हें मुन्ने स्कूली बच्चों ने भी संदेश दिया। अभियान के तहत छतरपुर जिले के विभिन्न शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई।
वॉल पेंटिंग के माध्यम से हर घर तिरंगा लगाने एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। जिले के जनपद और निकाय स्तर पर तिरंगा झंडा विक्रय केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही स्व सहायता समूह की महिलाएं तिरंगा झंडा बनाने का कार्य कर रहीं हैं।
तीसरे चरण में इन गतिविधियों का होगा आयोजन
अभियान के तृतीय चरण में 13 से 15 अगस्त तक घर, कार्यालयों तथा वाहनों पर तिरंगा लगाने, सेल्फ़ी अपलोड, सर्वत्र तिरंगे की दृश्यता तथा संस्कृति मंत्रालय के साथ सूचनाओं का सतत आदान-प्रदान किया जायेगा। हर जगह तिरंगा दृश्यता, तिरंगा के साथ रिकॉर्ड इत्यादि महत्वपूर्ण कार्यक्रम किए जाएंगे।









