। दिनांक 15 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड पुलिस लाइन परिसर में राष्ट्रीय सलामी, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इस हेतु विगत दिनों से पुलिस परेड ग्राउंड में रिहर्सल निरंतर की जा रही थी। बुधवार को पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस परेड का फाइनल रिहर्सल संपन्न हुआ। सर्वप्रथम ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय सलामी हुई। जिला दंडाधिकारी कलेक्टर छतरपुर पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा फाइनल परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया गया। परेड निरीक्षण उपरांत पृथक पृथक प्लाटून का भी निरीक्षण किया गया, हर्ष फायरिंग हुई।
स्वतंत्रता दिवस परेड में सम्मिलित पुलिस बैंड प्लाटून का प्रदर्शन एवं स्क्रीनिंग आकर्षण का केंद्र रहा। परेड पुलिस प्लाटून बैंड की धुन में सम्पन्न हुई। पुलिस परेड ग्राउंड में मल्टी स्क्रीनिंग की भी व्यवस्था है, भोपाल परेड ग्राउंड से लाइव प्रसारण हुआ।
तत्पश्चात विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र छात्राओं द्वारा वाद्य यंत्र, संगीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदर्शन कर रिहर्सल किया गया। पुलिस अधीक्षक छतरपुर द्वारा परेड कमांडर, समस्त प्लाटून कमांडरों एवं परेड में उपस्थित बल को निर्धारित साफ गणवेश, पंक्तिबद्ध मार्च, कमांड व हर्ष फायरिंग हेतु दिशा निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संपूर्ण परिसर का निरीक्षण करते हुए परिसर में व्यवस्थाओं हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो इस हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए।
स्वतंत्रता दिवस परेड की परेड कमांडर डीएसपी(पी) हर्ष राठौर तथा सेकंड इन परेड कमांडर महिला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा श्रीवास्तव के कमांडिंग नेतृत्व में जिला पुलिस बल छतरपुर, विशेष सशस्त्र बल कंपनी 29वीं बटालियन दतिया, पुलिस बैंड प्लाटून, नगर सैनिक बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर, महिला शौर्य दल, स्काउट सहित विभिन्न प्लाटून द्वारा परेड मार्च रिहर्सल संपन्न किया गया। स्वतंत्रता दिवस परेड रिहर्सल पर अपर कलेक्टर छतरपुर मिलिंद नागदेव, सीएसपी अरुण कुमार सोनी, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा एवं संबंधित सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।









