छतरपुर। जिले में सोमवार की रात पुलिस द्वारा सभी थानों की संयुक्त टीम के साथ शहर और ग्रामीण इलाकों में जोरदार कांबिंग गश्त की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सार्वजनिक स्थलों, धर्मस्थलों, बस स्टैंड, चौराहों, होटल, ढाबा और धर्मशालाओं सहित विभिन्न स्थानों पर गहन चेकिंग की गई। अभियान में 65 हजार रुपये से अधिक के इनामी 37 स्थायी वारंटी, 67 गिरफ्तार वारंटी, 3 आरोपी अवैध हथियार सहित, 7 जुआ खेल रहे आरोपी, 8 अन्य अपराधी और अवैध शराब के 60 केसों में आरोपी सहित कुल 182 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 508 से अधिक निगरानी बदमाश, गुंडा, आदतन अपराधी व जेल से हाल ही में छूटे अपराधियों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे न्याय पथ अभियान के अन्तर्गत थाना कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग मामलों के 27 हजार रुपये के इनामी 8 वारंटी, सिविल लाइन क्षेत्र के 10 हजार के इनामी 7, नौगांव क्षेत्र में 2 हजार के 4, सटई में 11 हजार के 3, लवकुश नगर में 7 हजार के 3, बिजावर में 4 हजार के इनामी वारंटी सहित पूरे जिले में कुल मिलाकर 65 हजार रुपए के 37 इनामी स्थायी वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसी प्रकार थाना कोतवाली द्वारा 10, ओरछा रोड से 7, सिविल लाइन और नौगांव क्षेत्र से 6-6, बमनौरा से 5, गढ़ी मलहरा भगवा से 4-4 समेत कुल 67 वारंटी व 8 वांछित अपराधी पकड़े गए। अवैध शराब के 60 मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, तो वहीं अलीपुरा, गढ़ी मलहरा और महाराजपुर में एक-एक आरोपी अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया। अलीपुरा थाना क्षेत्र में दो जुआ फड़ से नकद राशि के साथ सात आरोपी भी हत्थे चढ़े। पूरे अभियान में 265 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त 334 समन, 198 जमानती वारंट और 396 मामलों में 460 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी पुलिस द्वारा की गई। वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में जिले के सभी थाना क्षेत्रों की सक्रिय भागीदारी और समन्वय देखने को मिला।










