छतरपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छतरपुर शहर को उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त हुई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में नगर पालिका छतरपुर द्वारा गुरुवार को ऑडिटोरियम हॉल में धन्यवाद मध्यप्रदेश-धन्यवाद छतरपुर की थीम पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सफाई मित्रों एवं स्वच्छ भारत अभियान में अपना योगदान देने वाले सफाई मित्रों, कर्मचारियों और स्कूलों, एनसीसी, एनएसएस, सामाजिक संगठनों के लिए सम्मान एवं नागरिक धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तत्पश्चात छतरपुर विधायक ललिता यादव, कलेक्टर पार्थ जैसवाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा स्वच्छ नगर ऐप लॉन्च किया गया।
छतरपुर विधायक ललिता यादव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में निरंतर योगदान देने वाले सफाई मित्रों, नगर पालिका के स्वच्छता कर्मचारियों, स्वच्छता चैंपियन, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, सामाजिक संगठनों, जागरूक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा अपने घर के बाहर साफ-सुथरा रखे। कलेक्टर श्री जैसवाल ने कहा कि छतरपुर शहर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक गौरवपूर्ण रैंकिंग प्राप्त की है। साथ ही शहरवासियों से अपील की है कि घरों से निकलने वाला कचरा कचरा गाड़ी में डाले, साथ ही स्वच्छ नगर ऐप डाउनलोड करे।
छतरपुर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने कहा कि यह सफलता छतरपुर की जनता, हमारे कर्मचारियों, सफाई मित्रों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही संभव हुई है। उन्होंने कहा सभी के सहयोग से हर बार जीतेंगे। सीएमओ माधुरी शर्मा ने कहा कि यह सफलता सफाई मित्रों से लेकर, सामाजिक संगठनों और खासकर छतरपुर की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करती हूँ, जिनके सहयोग के बिना यह सफलता संभव नहीं था।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र चौरसिया, ब्रांड एंबेसडर स्वच्छ भारत मिशन, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय संयोजक, गंगा विचार मंच, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन डॉ. भरत पाठक, अरविन्द बुन्देला, पार्षद श्रीमती प्रेमबाई अहिरवार, रामदयाल यादव, दिलीप रैकवार, रामप्रसन्न शर्मा, रामस्वरूप बाल्मीक, पार्षद प्रतिनिधि सुनील वर्मा, सहित पीओ डूडा साजिदा कुरैशी, सहायक यंत्री देवेंद्र धाकड़, सहायक ग्रेड-2 टीडी अहिरवार, स्वच्छता नोडल अधिकारी नीतेश चौरसिया उपयंत्री महेंद्र पटेल, अंकित अरजरिया, आमिर, गोकुल प्रजापति, श्रीमती शशिप्रभा सिंह, सिटी मिशन मैनेजर सीपी गुप्ता, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, एनएसएस, एनसीसी, विद्यालय शा. उत्कृष्ट विद्यालय क्र.01, शा. उत्कृष्ट विद्यालय क्र.02, सरस्वती उ.मा. विद्यालय, महर्षि विद्या मंदिर, सत्यशोधन गांधी आश्रम, समाजसेवी संस्था राष्ट्रीय चेतना मंच, संगम सेवालय, दर्शना महिला कल्याण समिति, वैभव बुन्देलखण्ड जनहित महिला समिति, प्रताप नवयुवक एवं पर्यावरण वाहिनी सहित एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम जीरो वेस्ट इवेंट की थीम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राम सिंह राय द्वारा किया गया।










