छतरपुर। जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सोरखी के ग्रामीण पिछले करीब 5 वर्षों से विद्युत आपूर्ति की किल्लत से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुजारा बांध निर्माण के दौरान किए गए विस्थापन के बाद से बिजली की समस्या बरकरार है, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विस्थापन के दौरान गांव को हटाया गया था, लेकिन करीब 50 परिवार अभी भी वहीं रह रहे हैं। उन्हें डेढ़ किलोमीटर दूर से बिजली का कनेक्शन लेना पड़ता है, जिस पर विभागीय अधिकारी आपत्ति जताते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग 100 किलोमीटर दूर से ज्ञापन देने आए थे, लेकिन समय अधिक हो जाने के कारण वे इसे सौंप नहीं सके। ग्रामीणों ने कलेक्टर से बिजली आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था और विभागीय अधिकारियों की आपत्तियों को दूर करने की मांग की है।









