Home डेली न्यूज़ करंट से नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का...

करंट से नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

6
0
Jeevan Ayurveda


छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर कांटी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताडऩा और करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इसे रसोई में खाना बनाते समय हुआ हादसा बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय रोशनी पटेल का विवाह 5 मई 2025 को महेश पटेल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से खजुराहो के एक निजी होटल में संपन्न हुआ था। मृतका के पिता महेश पटेल ने आरोप लगाया कि विवाह में 10 लाख रुपये नकद और एक तोला सोने की चेन दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार 5 लाख रुपये नकद, चार पहिया वाहन अथवा शहर में एक प्लॉट की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था। उन्होंने बताया कि घटना से दो दिन पहले वह बेटी से मिलने गए थे और परिवार के लोगों को समझाइश भी दी थी।
मृतका की मां रेखा पटेल, निवासी देकुलिया थाना राजनगर, ने बताया कि उनकी बेटी अक्सर फोन पर सास और जेठानी द्वारा प्रताडि़त किए जाने की जानकारी देती थी। घटना वाले दिन उन्हें फोन पर सूचना मिली कि रोशनी को करंट लग गया है। जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे और ससुराल पक्ष के अधिकांश लोग वहां से जा चुके थे। अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच गमगीन माहौल बना रहा।
वहीं, मृतका के ससुर गनेशी पटेल ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि रोशनी खाना बनाते समय हीटर की चपेट में आने से करंट लगने का शिकार हुई। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी दहेज की मांग नहीं की और घर में होने वाली सामान्य कहासुनी को दहेज प्रताडऩा का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि रोशनी उनके लिए बेटी समान थी और करंट लगते ही उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, मायके और ससुराल दोनों पक्षों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और उचित कार्रवाई की मांग की है।  
इनका कहना-
जिला चिकित्सालय से थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवती की करेंट से मौत हुई है उस पर मर्ग कायम कर लिया गया है। डॉक्टरों के द्वारा मृतिका का पीएम किया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाही करेगी।
सतीश सिंह, थाना प्रभारी, कोतवाली, छतरपुर

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here