छतरपुर। महाराजपुर तहसील के ग्राम सिंहपुर में आम रास्ते को अवरुद्ध किए जाने से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को एक बार फिर कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर रास्ता खुलवाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने तहसीलदार सहित प्रशासन पर लापरवाही करने और और प्रभावशाली लोगों के सामने नतमस्तक होने का आरोप लगाया।
सिंहपुर के किसान नृपत राजपूत, रुपसिंह राजपूत, तेजसिंह राजपूत, प्रेमशंकर, मलखान, मुन्नालाल, रामपाल आदि बताया कि शासकीय नक्शे में दर्ज आम रास्ता पिछले चार महीनों से पटवारी राजेंद्र प्रसाद राजपूत और पंचायत सचिव रामसिंह राजपूत द्वारा बंद किया गया है। उनका आरोप है कि पटवारी राजेंद्र प्रसाद राजपूत और पंचायत सचिव रामसिंह राजपूत के आगे प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने दो बार जनसुनवाई में और तीन बार तहसीलदार को आवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई लेकिन यहां से भी निराशा हाथ लगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने रास्ता नहीं खुलवाया, तो वे स्वयं रास्ता खोलेंगे और इस दौरान किसी विवाद की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।







