छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में पुराने विवाद के चलते एक महिला पर देसी कट्टे से गोलीबारी की गई। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
विक्रमपुर निवासी जयंती पत्नी स्व. भरत यादव उम्र 35 वर्ष, शुक्रवार की शाम को अपने परिजनों के साथ घर के बाहर खड़ी थीं। तभी गांव के रामपाल बुंदेला, मुन्ना बुंदेला, रवि बुंदेला और जंटू बुंदेला ने उनके घर पर पहुंचकर अवैध देसी कट्टे से जयंती पर गोली चला दी। गोली जयंती की जांघ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जयंती को ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट कर गोली निकालने की प्रक्रिया शुरू की। उनकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि आरोपियों के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा था, जिसके कारण यह हमला हुआ।









